जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर जीडीसी महानपुर में प्रतियोगिताएं आयोजित
कठुआ, 04 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सरकारी डिग्री कॉलेज महानपुर में निबंध लेखन एवं कहानी लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
निबंध प्रतियोगिता का विषय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों का योगदान तथा कहानी लेखन का विषय मेरी जनजातीय विरासत की कहानियां रखा गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, बलिदान और योगदान को उजागर किया। प्रतियोगिता का आयोजन प्रो. नमिता ट्रोगिया और प्रो. सोनिया राजपूत ने किया जबकि मूल्यांकन प्रो. बिंती शर्मा और प्रो. गुरशीन कौर ने किया। प्रतियोगिता में विशु देवी ने प्रथम, नेखा देवी ने द्वितीय और अजय शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संगीता सूदन ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और समृद्ध विरासत के बारे में जानने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

