‘जश्न-ए-बहार’ राष्ट्रीय कला कार्यशाला का रंगारंग आगाज

WhatsApp Channel Join Now
‘जश्न-ए-बहार’ राष्ट्रीय कला कार्यशाला का रंगारंग आगाज


जम्मू, 04 मई (हि.स.)। किश्तवाड़ के चात्रू के टीआरसी में 4 से 8 मई तक आयोजित हो रही “जश्न-ए-बहार” राष्ट्रीय कला कार्यशाला ने कला, संस्कृति और रचनात्मकता का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है। “विद कलर्स” थीम पर आधारित इस कार्यशाला में देशभर के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ प्रतिभागियों को सीखने और सृजन का विशेष अवसर मिल रहा है। कार्यशाला में दिल्ली के शैलेंद्र सिंह, नोएडा के आदित्य शंकर प्रसाद, तमिलनाडु के पी. देवराज, दिल्ली की शर्मिला शर्मा, गुजरात के गोविंद विश्वास और पश्चिम बंगाल के अपूर्बा कराती जैसे राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं।

इस कार्यक्रम का आयोजन मास्टर संसार चंद बरू मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट (एमएससीबीएमसी ट्रस्ट) द्वारा 11 राष्ट्रीय राइफल्स के सहयोग से किया जा रहा है। इसके साथ ही एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसने कला और विरासत के रंगों को और भी जीवंत बना दिया। कार्यशाला में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों की उपस्थिति और सहभागिता ने इस आयोजन में सामाजिक समरसता और सेना-नागरिक सहयोग की भावना को और मजबूत किया।

ट्रस्ट की अध्यक्ष अनुराधा ऋषि ने कहा कि “जश्न-ए-बहार” युवाओं और उभरते कलाकारों को एक सार्थक मंच प्रदान करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हैं और सांस्कृतिक सौहार्द तथा राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देते हैं। कार्यशाला में स्थानीय कलाकारों, छात्रों और कला प्रेमियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे यह आयोजन एक जीवंत और प्रेरणादायक अनुभव बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story