कश्मीर में शीत लहर का प्रकोप और बढ़ा, श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 25 नवंबर (हि.स.)। कश्मीर में शीत लहर का प्रकोप और बढ़ गया है। श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई जहां पारा गिरकर शून्य से नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी में कल के शून्य से नीचे 1.6 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक तापमान दर्ज किया गया जो इस मौसम में लगातार दूसरे दिन का सबसे कम रात्रि तापमान है।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम घाटी का सबसे ठंडा स्थान बना रहा हालांकि तापमान में मामूली सुधार हुआ। यहां कल के शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो इस मौसम का सबसे कम तापमान था। कुपवाडा में तापमान में 1.0 डिग्री की भारी गिरावट आई और यह कल के शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर शून्य से नीचे 2.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

वहीं काजीगुंड में भी तापमान कल के शून्य से नीचे 2.0 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले गिरकर शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कोकरनाग में कल तापमान पहली बार शून्य से नीचे गिरकर शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था लेकिन आज तापमान में मामूली सुधार हुआ और यह 0.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। गुलमर्ग में तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कल के 0.2 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा कम है।

जम्मू डिवीजन में रात के तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई है। जम्मू शहर में तापमान कल के 9.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि भदरवाह में कल के 2.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कश्मीर में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 30 नवंबर 2026 तक जम्मू और कश्मीर में मुख्य रूप से शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782777 Articles

Share this story