पूरे कश्मीर में बढ़ी ठंड, शोपियां शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा इलाका

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 18 नवंबर (हि.स.)। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पूरे कश्मीर में ठंड बढ़ गई है। घाटी के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है जिसमें शोपियां शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा इलाका रहा।

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान से २: ६ डिग्री सेल्सियस, पुलवामा में 2.3 डिग्री सेल्सियस और गुलमर्ग में शून्य से नीचे 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि हिमांक बिंदु है। काजीगुंड और कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 1 डिग्री सेल्सियस, बडगाम में शून्यसे नीचे 1.4 डिग्री, अनंतनाग में शून्य से नीचे 1 डिग्री, खुदवानी में शून्य से नीच 1.5 डिग्री और सोनमर्ग में शून्य से नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

कोकरनाग में तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस के साथ थोड़ा अधिक रहा जबकि बांदीपोरा और गांदरबल में न्यूनतम तापमान क्रमशः 0.3 और 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारामूला में भी 0.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा जबकि सोपोर में शून्य से नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तापमान में यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 27 नवंबर तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है जबकि 19 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। विभाग ने आगे बताया कि इसके बाद रात के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।

लगातार पड़ रही ठंड के कारण घाटी के कई हिस्सों में तापमान जमाव बिंदु के करीब या उससे नीचे पहुंच गया है जो इस क्षेत्र में धीरे-धीरे सर्दियों की शुरुआत का संकेत है। नवंबर का महीना आमतौर पर कश्मीर में कड़ाके की ठंड की शुरुआत का संकेत होता है। इसके बाद 'चिल्लई कलां' आता है यह 40 दिनों का वह दौर है जब भीषण ठंड पड़ती है। यह अवधि 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलती है।

इस दौरान तापमान अक्सर जमाव बिंदु से नीचे चला जाता है, जलाशय जम जाते हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी होती है। इससे अक्सर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। कश्मीर में सबसे कड़ाके की ठंड 'चिल्लई कलां' के दौरान पड़ती है। इसके बाद 'चिल्लई खुर्द' (20 दिन) और 'चिल्लई बच्चा' (10 दिन) का दौर आता है जो धीरे-धीरे सर्दियों के कम होने का संकेत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778973 Articles

Share this story