सोनमर्ग को साल भर चलने वाले पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा: मुख्यमंत्री उमर

WhatsApp Channel Join Now

गांदरबल, 15 अक्टूबर (हि.स.)।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार सोनमर्ग को साल भर चलने वाले पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए परियोजनाओं पर काम कर रही है। इसके तहत गर्मियों में राफ्टिंग को बढ़ावा देने और सर्दियों के महीनों में स्कीइंग, स्केटिंग तथा अन्य शीतकालीन खेलों को प्रोत्साहित करने की योजना है।

गांदरबल के दौरे के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उमर ने कहा कि टनल (सुरंग) के निर्माण से अब सोनमर्ग तक साल भर पहुंचा जा सकता है। हम गर्मियों में राफ्टिंग और सर्दियों में स्कीइंग, स्केटिंग तथा अन्य शीतकालीन खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह पर्यटन मानचित्र पर सोनमर्ग की स्थिति को और मजबूत करने के लिए कंगन के विधायक मियां मेहर अली के साथ मिलकर काम करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी-कभी वन, पर्यावरण और वन्यजीव संबंधी मंजूरियों के कारण पर्यटन परियोजनाओं में देरी हो जाती है लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि नए पर्यटन स्थलों को विकसित करते समय सरकार सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करेगी। अपने दौरे के दौरान उन्होंने बताया कि गांदरबल में लगभग 60 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया या उनकी आधारशिला रखी गई। झेलम नदी पर बनने वाले एक बड़े पुल जिसकी अनुमानित लागत 40 करोड़ रुपये है के बारे में उन्होंने कहा कि इसकी 'टेस्ट पाइलिंग' पूरी हो चुकी है और निर्माण लक्ष्यों को हासिल करने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि हम अप्रैल तक खंभों (पिलर्स) का काम और अगले साल दिसंबर तक पूरे पुल का निर्माण पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि कई सड़क परियोजनाओं, एक नई स्कूल इमारत और फल एवं सब्जी मंडी में बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि मंडी के व्यापारियों ने इसके विस्तार, बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) के निर्माण और ग्रेड सेपरेटर की मांग की थी। उन्होंने बताया कि इस मामले पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है जबकि अन्य मांगों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए नोट कर लिया गया है।

बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं जिनमें लोगों की जान चली गई के मद्देनजर पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की नहर के चारों ओर बाड़ लगाने की मांग पर उमर ने कहा कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के सामने उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर यह फैसला मेरे अधिकार क्षेत्र में होता तो मैं यहीं इसकी घोषणा कर देता। हम जनता की इस मांग को संबंधित अधिकारियों के पास रखेंगे। नेशनल हाईवे परियोजनाओं से जुड़े मुआवजे के लंबित मामलों के बारे में उमर ने कहा कि हाल ही में नियुक्त डिप्टी कमिश्नर श्रेया अपनी जिम्मेदारियां संभालने के बाद इस मामले की जांच करेंगी।

बीहामा-खीर भवानी सड़क के किनारे लगे चिनार के पेड़ों की वजह से होने वाले ट्रैफिक जाम पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों को हो रही परेशानियों को स्वीकार किया और एक व्यावहारिक समाधान खोजने की जरूरत पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story