बदलाव लाएं, ईमानदारी से लोगों की सेवा करें: सीएम उमर

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 15 सितंबर (हि.स.)।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को एसकेआईसीसी श्रीनगर में कंबाइंड कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन के लिए चुने गए उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने नए नियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री उमर ने कहा कि उनकी नियुक्ति उनकी यात्रा का अंतिम पड़ाव नहीं बल्कि एक नई शुरुआत है। उन्होंने उनसे इस बारे में सोचने को कहा कि वे अपने करियर के अंत में किस तरह याद किए जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदार, काबिल और मेहनती अधिकारियों को सम्मान मिलता है जबकि भ्रष्ट और बेईमान लोग भी याद किए जाते हैं लेकिन बिना सम्मान के।

उमर ने ज़ोर देते हुए कहा कि यह न सोचें कि जब तक सिस्टम आपके साथ काम नहीं करेगा आप कुछ नहीं कर सकते। अगर आप चाहें तो सिस्टम को बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक अकेला अधिकारी भी सिस्टम में बदलाव ला सकता है। टी.एन. शेषन और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कमिश्नर तुकाराम मुंडे का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों को पहल करने में हिचकिचाना नहीं चाहिए और न ही बदलाव लाने के लिए सिस्टम के बदलने का इंतज़ार करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी याद दिलाया कि हर फ़ाइल के पीछे एक कहानी होती है। उन्होंने कहा कि हर आवेदन और शिकायत किसी व्यक्ति की समस्या, वजह या मजबूरी को दर्शाती है जिसे समझने की ज़रूरत है। उन्होंने उनसे जम्मू-कश्मीर के सामने मौजूद मुख्य चुनौतियों पर ध्यान देने को कहा जिनमें शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बच्चों को स्कूल में बनाए रखना, शहरों की साफ़-सफ़ाई और सुंदरता बढ़ाना तथा जलवायु परिवर्तन के असर से निपटना शामिल है।

उमर ने कहा कि चुने गए उम्मीदवारों को ऐसा मौका मिला है जो बहुत कम लोगों को मिलता है। उन्होंने उनसे अपने पदों का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर के भविष्य में सार्थक योगदान देने के लिए करने का आग्रह किया। उन्होंने उन्हें अपने समर्थन का भरोसा दिलाया और कहा कि वे आने वाले दशकों में उनके करियर पर नज़र रखेंगे।

उमर ने अधिकारियों को उनके करियर के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सही रास्ता चुनें, सही फ़ैसला लें और जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story