उमर ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात कर राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 11 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की और जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की जिनमें राज्य का दर्जा जल्द बहाल करना, आर्थिक विकास और पर्यटन को बढ़ावा देना शामिल है।

उमर अब्दुल्ला ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लिए अहम मामलों पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की। इसमें राज्य का दर्जा जल्द बहाल करने, अर्थव्यवस्था की स्थिति, विकास कार्यों की रफ़्तार और पर्यटन क्षेत्र को और बढ़ावा देने के उपायों पर खास ज़ोर दिया गया।

उन्होंने प्रधानमंत्री को पद पर 12 साल पूरे करने पर बधाई भी दी। अब्दुल्ला ने पोस्ट किया, मैंने उन्हें पद पर लगातार 12 साल पूरे करने की उपलब्धि के लिए बधाई दी।

यह मुलाक़ात नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की लगातार मांगों के बीच हुई है। अगस्त 2019 में तत्कालीन राज्य के पुनर्गठन के लगभग सात साल बाद ये मांगें की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story