सुधमादेव-द्रंगा और सिंहपोरा-वैलू सुरंगों की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी और गडकरी का किया आभार व्यक्त

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एनएच-244 पर सुधमादेव-द्रंगा और सिंहपोरा-वैलू सुरंग परियोजनाओं के समर्थन और मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाएं चिनाब घाटी और आसपास के क्षेत्रों में संपर्क को काफी मजबूत करेंगी, हर मौसम में आवागमन सुनिश्चित करेंगी और आर्थिक विकास को गति देंगी।

भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर में एनएच-244 पर एकतरफा दो-ट्यूब वाली सुधमादेव-द्रंगा सुरंग (12.85 किमी जिसमें 2-लेन और पक्की शोल्डर अप्रोच शामिल हैं) और दो-ट्यूब वाली सिंहपोरा-वैलू सुरंग (38.61 किमी, जिसमें 2-लेन और पक्की शोल्डर अप्रोच शामिल हैं) के निर्माण को 9,779.42 करोड़ की अनुमानित कुल लागत से मंजूरी दे दी है।

मुख्यमंत्री ने अपने पिछले हस्तक्षेप को याद करते हुए कहा कि पिछले साल जून में उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर परियोजनाओं में हो रही देरी को उजागर किया था और इन पर तत्काल विचार करने का अनुरोध किया था। उन्होंने आग्रह किया था कि जम्मू-कश्मीर और राष्ट्र के विकास के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप समय पर पूरा करने के लिए इन परियोजनाओं को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एनएच (ओ) योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने इस बात पर चिंता व्यक्त की थी कि एनएचआईडीसीएल के तहत एनएच-244 पर अन्य एनएच परियोजनाएं प्रगति पर हैं जबकि इन दो महत्वपूर्ण सुरंगों में देरी से चिनाब क्षेत्र को मिलने वाले अपेक्षित सामाजिक-आर्थिक लाभ बाधित हो रहे हैं और आर्थिक पिछड़ेपन को दूर करने के प्रयासों में बाधा आ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story