जम्मू-कश्मीर में विकास की कमी के लिए अनुच्छेद 370 जिम्मेदार नहीं है:मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 05 जून (हि.स.)।मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि अनुच्छेद 370 पूर्ववर्ती राज्य में विकास की कमी के लिए कभी जिम्मेदार नहीं था और इसके निरसन से क्षेत्र में कोई असाधारण आर्थिक परिवर्तन नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की विकास और आर्थिक चुनौतियां मुख्य रूप से दशकों की हिंसा और अस्थिरता का परिणाम थीं न कि विशेष संवैधानिक दर्जे की।

उन्होंने कहा, “अनुच्छेद 370 कभी भी जम्मू-कश्मीर में विकास की कमी का कारण नहीं था और न ही इसके निरसन से अचानक बड़े पैमाने पर विकास हुआ है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता ने कहा कि लगभग तीन दशकों से चल रहे उग्रवाद के कारण इस क्षेत्र को आर्थिक रूप से काफी नुकसान हुआ है जिससे निवेशकों और व्यवसायों को जम्मू-कश्मीर में काम करने से हिचक होती है।

उन्होंने कहा कि लोग देश के उस हिस्से में पैसा निवेश नहीं करेंगे जिसे वे असुरक्षित मानते हैं। जम्मू-कश्मीर को असुरक्षित जगह मानना, न कि अनुच्छेद 370, यही बात हमें सबसे ज्यादा चुभी है,”।

उन्होंने भाजपा पर अनुच्छेद 370 का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के अन्य हिस्सों में इसी तरह के संवैधानिक संरक्षण मौजूद हैं और उन्हें इस तरह की आलोचना का सामना नहीं करना पड़ता।

------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story