क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू ने पहले दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू कीं

WhatsApp Channel Join Now
क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू ने पहले दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू कीं


जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू (सीएलयूजे) ने अपने स्थापना काल के बाद पहली बार आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू कर दी हैं। इस दिशा में नवगठित प्री-प्रिपरेटरी कमेटी की पहली बैठक कुलपति सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुई जिसमें समारोह के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्ययोजना और रणनीतिक रोडमैप पर चर्चा की गई। कुलपति प्रो. के. एस. चंद्रशेखर के निर्देश पर गठित इस समिति में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, डीन, घटक महाविद्यालयों के प्राचार्य और विभिन्न शैक्षणिक पदाधिकारी शामिल हैं। बैठक के दौरान रजिस्ट्रार अंकुर महाजन और परीक्षा नियंत्रक डॉ. रणविजय सिंह ने प्रस्तावित तैयारियों, संभावित समय-सीमा, प्रशासनिक व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक पहलुओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने समयबद्ध योजना, समन्वित कार्यप्रणाली और उच्च शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मानकों के अनुरूप आयोजन पर विशेष जोर दिया।

बैठक में दीक्षांत समारोह से जुड़े प्रशासनिक, शैक्षणिक, प्रोटोकॉल, तकनीकी और व्यवस्थागत पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विभिन्न समितियों और संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उपायों पर भी चर्चा हुई ताकि आयोजन सुचारु और प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके। बैठक के अंत में समिति के सदस्यों ने विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह को एक यादगार शैक्षणिक आयोजन बनाने का संकल्प लिया। यह समारोह न केवल स्नातक विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होगा बल्कि क्लस्टर यूनिवर्सिटी जम्मू की उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती पहचान और उत्कृष्टता को भी प्रदर्शित करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story