सिविल डिफेंस का जागरूकता शिविर आयोजित, लोगों को दिए आपदा प्रबंधन और जीवनरक्षक तकनीकों के प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सिविल डिफेंस का जागरूकता शिविर आयोजित, लोगों को दिए आपदा प्रबंधन और जीवनरक्षक तकनीकों के प्रशिक्षण


जम्मू, 17 जून (हि.स.)। सिविल डिफेंस जम्मू द्वारा छन्नी हिम्मत स्थित ग्रीन बेल्ट पार्क में एक दिवसीय सिविल डिफेंस जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीएसपी तजिंदर कौर जेकेपीएस प्रभारी उप नियंत्रक सिविल डिफेंस जम्मू के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर सिविल डिफेंस जम्मू के मुख्य वार्डन परमजीत कुमार तथा उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जागरूकता शिविर में आसपास के क्षेत्रों के लगभग 40 स्थानीय निवासियों और मॉर्निंग वॉकर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), अग्निशमन, कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) तथा अन्य जीवनरक्षक तकनीकों के बारे में व्यावहारिक और सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की गई। सिविल डिफेंस टीम द्वारा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए लाइव प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान हृदयाघात, गले में वस्तु फंसने, हड्डी टूटने तथा अन्य चिकित्सीय आपात स्थितियों में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने और समय पर सहायता पहुंचाने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू डॉ. कस्तूरी लाल, इंडस्ट्रीज बाड़ी ब्राह्मणा के अध्यक्ष ललित गुप्ता, डी.एन. डोगरा, सरदार उज्जगर सिंह, इंजीनियर कुलदीप मंकोटिया, इंजीनियर गंडोत्रा, वरिंदर नंदा, वी.के. मगोत्रा, श्री एवं श्रीमती सुनील शर्मा सहित चन्नी हिम्मत क्षेत्र के अनेक मॉर्निंग वॉकर्स उपस्थित रहे।

ग्रीन बेल्ट पार्क मॉर्निंग वॉकर्स एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य इंजीनियर परवीन बाली ने एसोसिएशन की ओर से सिविल डिफेंस जम्मू द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आम लोगों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य वार्डन परमजीत कुमार और उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोत्रा ने प्राकृतिक आपदाओं, आगजनी, औद्योगिक दुर्घटनाओं तथा अन्य संकटपूर्ण परिस्थितियों में सिविल डिफेंस वार्डनों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस वार्डन आपदा की स्थिति में प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले स्वयंसेवकों के रूप में कार्य करते हैं और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story