होली से पहले रंगों और पिचकारियों से सजे शहर के बाजार

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 02 मार्च (हि.स.)।

होली के रंगों से पहले ही शहर के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं और हर ओर उत्सव की रौनक दिखाई दे रही है। बाजारों में रंग-बिरंगी पिचकारियों, गुलाल और आकर्षक सजावटी सामान की भरमार है। दुकानों के बाहर “हैप्पी होली” के पोस्टर और रंगीन झालरें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।

इस बार बाजार में बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। गुरज, एक्स और कुल्हाड़ी डिजाइन वाली पिचकारियां खासा पसंद की जा रही हैं। इसके अलावा टैंक वाली बड़ी पिचकारी, थंप (प्रेशर) वाली पिचकारी और अलग-अलग आकार की आधुनिक पिचकारियां भी उपलब्ध हैं। दुकानदारों के अनुसार स्मोक इफेक्ट वाले हर्बल रंग और स्पेशल बैलून की कई वैरायटी ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं।

बच्चों के लिए भूत और फनी फेस मास्क भी बाजार में आए हैं जो त्योहार के उत्साह को और बढ़ा रहे हैं। साथ ही हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों की मांग में इजाफा हुआ है, क्योंकि लोग अब सुरक्षित और त्वचा के अनुकूल रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

दुकानदारों को इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएगा, बाजारों में भीड़ और बढ़ेगी। कुल मिलाकर बाजारों की चहल-पहल साफ संकेत दे रही है कि इस बार होली पूरे जोश और उमंग के साथ मनाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story