मुख्यमंत्री उमर ने जताया दुख, बेमिना में आग पीड़ितों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा
जम्मू, 4 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज श्रीनगर के बेमिना इलाके के दुर्बल में हुई भीषण आग की घटना पर गहरा दुख जताया है। 3 और 4 नवंबर की दरमियानी रात को हुई इस घटना में दो लोगों की जान चली गई और कई अस्थायी आश्रय स्थल जलकर खाक हो गए।
लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस विनाशकारी आग के बाद परिवारों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने और उन्हें हर तरह का सहयोग देने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

