मुख्यमंत्री उमर ने जम्मू और कश्मीर पर्यटन विभाग की 'छह मौसम' - 'शिशुर' पत्रिका का किया अनावरण

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 21 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज सिविल सचिवालय में जम्मू और कश्मीर पर्यटन विभाग की 'छह मौसम' - 'शिशुर' पत्रिका के जनवरी-मार्च 2026 अंक का अनावरण किया। 'शिशुर' विषय पर आधारित यह अंक जम्मू-कश्मीर की सर्दियों के सार को दर्शाता है और इस दौरान शुरू की गई विभिन्न पर्यटन पहलों को उजागर करता है। पत्रिका का संकलन कश्मीर पर्यटन निदेशालय द्वारा किया गया है।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन आशीष चंद्र वर्मा, सूचना निदेशक श्रेया सिंघल, कश्मीर पर्यटन निदेशक सैयद कमर सज्जाद और जम्मू पर्यटन निदेशक विकास गुप्ता के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। पत्रिका में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चुनिंदा लेख, विभाग द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों की कवरेज, यात्रा, व्यापार और आतिथ्य निकायों के वार्षिक सम्मेलन, प्रमुख यात्रा बाजारों में भागीदारी और मुख्यमंत्री द्वारा संचालित आउटरीच कार्यक्रमों को शामिल किया गया है।

पर्यटन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने इस पहल की प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के प्रकाशन जम्मू और कश्मीर की समृद्ध पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करने और इसकी वैश्विक पहुंच को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story