छठ महापर्व-व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया पहला अर्घ्य, डीसी सहित सीटीएम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को दी पर्व की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व-व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया पहला अर्घ्य, डीसी सहित सीटीएम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को दी पर्व की शुभकामनाएं


कठुआ, 15 नवंबर (हि.स.)। सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर रविवार को कठुआ के नहर घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ पूजा के तीसरे दिन बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाट पर छठी मईया के पारंपरिक लोकगीत गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

छठ पूजा के अवसर पर डीसी कठुआ राजेश शर्मा, एएसपी कठुआ, सीटीएम के कार्यकारी अध्यक्ष यूके पटनायक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरके बंसल तथा एजीएम संदीप सिंह भी नहर घाट पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सीटीएम प्रबंधन ने पर्व के आयोजन में सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से छठी मईया की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ईंदू देवी, अनिता देवी, निशू देवी, उषा देवी, निर्मला देवी और मीरा देवी ने बताया कि छठ पूजा में घाटों और तालाबों की साफ-सफाई का विशेष महत्व है।

व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देती हैं।

सीटीएम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा ने बताया कि इस बार छठ पर्व को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं के साथ कठुआ शहर के स्थानीय परिवार भी पूरे उत्साह के साथ पर्व में शामिल हुए।

कठुआ के अलावा पठानकोट, सांबा और हीरानगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नहर घाट पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि पहले यह पर्व मुख्य रूप से बाहरी राज्यों से आए लोग मनाते थे लेकिन अब स्थानीय लोग भी पूरी श्रद्धा और धूमधाम से इसमें भाग ले रहे हैं।

वहीं सोमवार तड़के व्रती महिलाएं उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगी जिसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

सोमवार सुबह घाट पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए खजुरिया मार्केट के दुकानदारों की ओर से चाय और खाने-पीने की वस्तुओं का लंगर लगाकर श्रद्धालुओं को सेवाएं प्रदान की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story