जीरो लाइन से लखनपुर तक गूंजा तिरंगे का जयघोष
कठुआ, 14 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन कठुआ की ओर से शुक्रवार को जीरो लाइन स्थित सीमावर्ती गांव शेरपुर बाला से लखनपुर तक भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित रैली में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, सीमावर्ती क्षेत्र के निवासी, सुरक्षाबल के जवान और बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा लहराते हुए बाइक सवारों का काफिला जब सीमावर्ती गांवों से होते हुए लखनपुर की ओर बढ़ा तो पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों, युवाओं और सीमावर्ती ग्रामीणों ने तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रैली ने हर घर तिरंगा अभियान और वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

