विदेशी कंपनियों में आकर्षक रोजगार के अवसर दिलाने का झूठा वादा करके लाखों रुपये ठगने के आरोप में श्रीनगर के दो निवासियों के खिलाफ चार्जशीट दायर

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने श्रीनगर के दो निवासियों के खिलाफ नौकरी के इच्छुक लोगों से प्रतिष्ठित विदेशी कंपनियों में आकर्षक रोजगार के अवसर दिलाने का झूठा वादा करके लाखों रुपये ठगने के आरोप में चार्जशीट दायर की है।

अधिकारियों के अनुसार पी.टी. एंड ई. कोर्ट श्रीनगर में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120-बी तथा उत्प्रवास अधिनियम की धारा 10/24 के तहत एफआईआर संख्या 32/2026 में हमदानिया कॉलोनी बेमीना, श्रीनगर निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला शेख के पुत्र सज्जाद अब्दुल्ला और शेषगारी मोहल्ला खानयार, श्रीनगर निवासी हाफिजुल्लाह टंकी के पुत्र जहांगीर अहमद टंकी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है।

एक प्रेस विज्ञप्ति में ईओडब्ल्यू के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ शिकायतें मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी जो कि मेसर्स अल-अक्सा ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड मोमिन-आबाद, लेन-04, बटमालू, श्रीनगर के मालिक हैं ने प्रतिष्ठित विदेशी कंपनियों में आकर्षक विदेशी रोजगार का लालच देकर लोगों को लुभाया और उनसे 15 लाख रुपये से अधिक की अग्रिम राशि वसूल की। हालांकि वादा की गई नौकरियां नहीं दी गईं और अपर्याप्त धनराशि के कारण रिफंड के लिए जारी किए गए चेक अस्वीकृत हो गए।

जांच में पता चला कि यह कंसल्टेंसी टूर और ट्रैवल सेवाओं के लिए एक भ्रमण एजेंट के रूप में पंजीकृत थी न कि भर्ती एजेंट के रूप में और विदेश में भर्ती के लिए आवश्यक पंजीकरण के बिना काम कर रही थी। यह भी साबित हुआ कि दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ताओं से विदेश में रोजगार दिलाने के बहाने लाखों रुपये अपने-अपने निजी बैंक खातों में प्राप्त किए लेकिन अपने वादे पूरे नहीं किए।

प्रवक्ता ने बताया कि निरंतर प्रयासों के बावजूद आरोपी जहांगीर अहमद टंकी का पता नहीं चल सका और वह 2025 से फरार है। जांच में सबूत साबित हो गए हैं और न्यायिक निर्णय के लिए सक्षम न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है। कश्मीर के एसएसपी ईओडब्ल्यू ने नौकरी चाहने वालों को भर्ती एजेंसियों की साख की जांच करने और अनधिकृत एजेंसियों को अग्रिम शुल्क का भुगतान करने से बचने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769738 Articles

Share this story