जम्मू-कश्मीर में आज अधिकांश स्थानों पर बारिश, तूफान की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 12 मई(हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर और जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि, गरज, बिजली और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने कहा कि 13 से 17 मई तक मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 18 मई को आम तौर पर बादल छाये रहने और अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जबकि 19 से 21 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। एक सलाह जारी करते हुए मौसम विभाग ने लोगों से तेज हवाओं और तूफान की संभावना के कारण विशेष रूप से दोपहर और देर दोपहर के घंटों के दौरान नौकायन और शिकारा की सवारी को निलंबित करने का आग्रह किया। मौजूदा मौसम की स्थिति को देखते हुए किसानों को 13 मई तक कृषि कार्यों को स्थगित करने की भी सलाह दी गई है।

विभाग ने निवासियों को तीव्र मौसम गतिविधि के दौरान सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आधिकारिक सलाह का पालन करने की सलाह दी है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story