सिख क्रिकेट प्रीमियर लीग में चढ़दी कला स्ट्राइकर्स और हरि सिंह नलवा इलेवन का दबदबा

WhatsApp Channel Join Now
सिख क्रिकेट प्रीमियर लीग में चढ़दी कला स्ट्राइकर्स और हरि सिंह नलवा इलेवन का दबदबा


जम्मू, 02 मार्च (हि.स.)। जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान पर जारी द्वितीय सिख क्रिकेट प्रीमियर लीग में सोमवार को चढ़दी कला स्ट्राइकर्स और हरि सिंह नलवा इलेवन ने अपने-अपने मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीतकर दमदार प्रदर्शन किया। सुबह खेले गए पहले मैच में चढ़दी कला स्ट्राइकर्स ने नानक नगर क्रिकेट क्लब को 167 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 9 विकेट खोकर 200 रन बनाए। जवाब में नानक नगर क्लब की पूरी टीम मात्र 33 रन पर 10.1 ओवर में सिमट गई। रमन दत्ता को 3.1 ओवर में पांच विकेट लेने पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया जबकि गुरदीप सिंह को 27 गेंदों पर 56 रन (चार चौके, तीन छक्के) की पारी के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। इस मुकाबले के मुख्य अतिथि सांसद सत शर्मा और विधायक विक्रम रंधावा रहे।

दूसरे मैच में हरि सिंह नलवा क्लब ने बीएफएन इलेवन नगर क्लब को 99 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरि सिंह नलवा ने 198 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीएफएन की टीम 99 रन पर ऑलआउट हो गई। रोहन कौल ने 30 गेंदों पर 60 रन और तीन विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब हासिल किया। अंचल सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और जहनवीर सिंह को 67 रनों की पारी के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज घोषित किया गया। इस मैच के मुख्य अतिथि एसएसपी ट्रैफिक जम्मू अमित भसीन रहे।

टूर्नामेंट का आयोजन अखिल जम्मू और कश्मीर सिख समन्वय समिति और हरि सिंह नलवा क्रिकेट क्लब द्वारा संयुक्त रूप से “ड्रग्स को खत्म करें: आइए एक बेहतर भविष्य के लिए क्रिकेट खेलें” नारे के साथ किया जा रहा है। वहीं अगले मुकाबलों में नलवा इलेवन का मुकाबला शहीद शीतल सिंह क्रिकेट क्लब से तथा शहीद जसजीत इलेवन त्राल का मुकाबला दशमेश क्रिकेट क्लब से होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story