सीईओ ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों से लिया पढ़ाई का फीडबैक
कठुआ, 9 सितंबर (हि.स.)। मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ ने बुधवार को मिडिल स्कूल चन्नग्रां और राजकीय हाई स्कूल जखबड़ का दौरा कर विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा पाठ्यक्रम की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
सीईओ ने कक्षाओं में विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनके ज्ञान का स्तर परखा और विभिन्न विषयों में पढ़ाए जा चुके पाठ्यक्रम की भी जांच की। उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक कक्षा में सिलेबस की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम को हर हाल में पूरा किया जाए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने, कक्षा में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया।
सीईओ ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना भी जरूरी है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल परिसरों की साफ-सफाई का भी जायजा लिया और संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों को कक्षाओं, शौचालयों तथा पूरे स्कूल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित विद्यालय विद्यार्थियों के लिए बेहतर सीखने का वातावरण तैयार करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

