पीओजेके की 24 सीटों पर केंद्र का रुख सवालों में, विस्थापित निराश : शिवसेना
जम्मू, 29 नवंबर (हि.स.)।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) को भारत में वापस शामिल कराने के केंद्र सरकार के संकल्प और राजनीतिक इच्छाशक्ति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी ने लोकसभा में पेश होने जा रहे 'परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026' का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सरकार की मंशा पीओजेके को मुक्त कराने की नहीं बल्कि इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डालने की है।
पार्टी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए साहनी ने कहा कि पीओजेके हमारा था, हमारा है और हमेशा जम्मू-कश्मीर का अभिन्न अंग रहेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की व्यवस्था में दशकों से पीओजेके के लिए 24 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं लेकिन नए विधेयक में इनका कोई जिक्र नहीं है। साथ ही दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की योजना के बीच पीओजेके की लोकसभा सीटों और इस वृद्धि के लाभ पर कोई स्पष्टता नहीं है।
साहनी ने यह भी सवाल उठाया कि शेष जम्मू-कश्मीर व अन्य राज्यों के परिसीमन के लिए सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में अलग आयोग बनेगा जबकि पीओजेके का जिम्मा केवल चुनाव आयोग पर छोड़ा गया है। उन्होंने विधेयक में 'पीओके' या 'पीओजेके' के बजाय केवल 'पाकिस्तान के कब्जे वाला क्षेत्र' लिखे जाने को कमजोर राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रमाण बताया।
पीओजेके विस्थापितों पर बोलते हुए साहनी ने कहा कि दशकों से घरों व जमीनों से बेदखल परिवारों की मातृभूमि लौटने और पैतृक संपत्तियों का मालिकाना हक पाने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
उन्होंने संपत्ति के दावों, आर्थिक सहायता, पुनर्वास व राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए समयबद्ध नीति बनाने, 1994 के संसदीय संकल्प को लागू करने, पीओजेके मुक्ति की ठोस रणनीति लाने और जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी 1947, 1965 और 1971 के विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

