जम्मू में आधुनिक कृषि को बढ़ावा देगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जल्द होगा उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में आधुनिक कृषि को बढ़ावा देगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, जल्द होगा उद्घाटन


जम्मू, 20 मार्च (हि.स.)। शुक्रवार को निदेशक कृषि जम्मू अनिल गुप्ता ने कृषि भवन तलाब तिल्लो स्थित वेजिटेबल इम्प्रूवमेंट स्कीम परिसर में स्थापित किए जा रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अंतिम चरण के कार्यों की समीक्षा की। यह सेंटर प्रिसिजन वेजिटेबल और फ्लोरीकल्चर फार्मिंग में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। यह सेंटर राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक की आरआईडीएफ-एक्सएक्सएक्स योजना के तहत 5.92 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत 3511 वर्ग मीटर क्षेत्र में अत्याधुनिक पॉलीकार्बोनेट ग्रीनहाउस स्थापित किया गया है जो आधुनिक खेती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

समीक्षा के दौरान निदेशक ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और इसे जल्द ही उद्घाटन के बाद किसानों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र जम्मू संभाग के किसानों को उन्नत सेवाएं प्रदान करेगा और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में मदद करेगा। यह सेंटर उच्च गुणवत्ता वाले और अधिक उत्पादन देने वाले सब्जी एवं फ्लोरीकल्चर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। साथ ही किसानों को प्रिसिजन फार्मिंग तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा जिससे उनकी उत्पादकता और फसल की गुणवत्ता में सुधार होगा।

निदेशक अनिल गुप्ता ने कहा कि यह पहल किसानों के लिए उद्यमिता का एक मजबूत मंच साबित होगी जहां उन्हें आधुनिक उपकरण, तकनीकी जानकारी और टिकाऊ कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ दीर्घकालिक कृषि विकास को भी बल मिलेगा। यह परियोजना सरकार के नवाचार, तकनीक आधारित कृषि और सतत विकास के विजन के अनुरूप है। यह केंद्र प्रशिक्षण, अनुसंधान और विकास का एक प्रमुख हब बनकर जम्मू संभाग के किसानों को लाभान्वित करेगा। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक कृषि अमन ज्योति शर्मा, सहायक वनस्पतिशास्त्री अजीत सिंह, फ्लोरीकल्चर विकास सहायक सुरिंदर रडोत्रा सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story