जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना पूरी

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 06 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के निर्धारित बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना 2027 की जनसंख्या गणना का चरण पूरा कर लिया गया है। मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी एवं जनगणना कार्य निदेशक अमित शर्मा ने इसे जनगणना प्रक्रिया की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। इस अभियान में दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 5,292 गणना खंड शामिल किए गए, जिनमें जम्मू-कश्मीर के 4,597 और लद्दाख के 695 खंड शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर में यह अभियान 16 जिलों और 95 चार्ज क्षेत्रों में चलाया गया। डोडा में सर्वाधिक 798 गणना खंडों में कार्य पूरा हुआ, जबकि किश्तवाड़ में 602, रामबन में 418, अनंतनाग में 377, बारामूला में 359, रियासी में 345 और उधमपुर में 313 गणना खंड शामिल रहे। प्रशासन के अनुसार, किश्तवाड़ देश का पहला जिला बन गया है, जहां जनगणना 2027 के लिए जनसंख्या गणना का काम पूरा हुआ है।

लद्दाख में सितंबर के दौरान सभी 695 गणना खंडों में प्रक्रिया पूरी की गई, जिनमें लेह के 367 और कारगिल के 328 खंड शामिल हैं। इसके साथ लद्दाख जनगणना 2027 की जनसंख्या गणना पूरी करने वाला देश का पहला केंद्र शासित प्रदेश बन गया है।

बर्फबारी वाले क्षेत्रों में अभियान से पहले 17 से 31 अगस्त तक स्व-गणना और इसके बाद 1 से 30 सितंबर तक मैदानी गणना की गई। अभियान के लिए करीब 49.2 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। जम्मू-कश्मीर के शेष गैर-बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में की जाएगी।

अमित शर्मा ने जिला प्रशासन, जनगणना कर्मचारियों, गणनाकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आगामी चरणों में आंकड़ों की गुणवत्ता, पूर्णता और निर्धारित प्रक्रिया के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story