मध्य पूर्व में व्याप्त तनाव के बीच और मौजूदा वैश्विक स्थिति को देखते हुए आगामी ईद-उल-अज़हा विनम्रता से मनाएं-फारूक अब्दुल्ला

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 23 मई (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को लोगों से अपील की कि वे मध्य पूर्व में व्याप्त तनाव के बीच मौजूदा वैश्विक स्थिति को देखते हुए आगामी ईद-उल-अज़हा को विनम्रता से मनाएं। अब्दुल्ला ने खानकाह इलाके में स्थित मीर सैयद अली हमदानी के दरगाह पर मत्था टेका।

पत्रकारों से बात करते हुए एनसी प्रमुख ने ईद-उल-अज़हा से पहले लोगों को बधाई दी और उनसे इस त्योहार को सादगी से मनाने का आग्रह किया। अब्दुल्ला ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे दुनिया की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए ईद को विनम्रता से मनाएं। आने वाले दिनों में क्या होगा, यह केवल ईश्वर ही जानता है। इसलिए प्रार्थना करें कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त हो और हम शांति से रहें। शांति सबसे बड़ी चीज है।

जम्मू और कश्मीर के तीन बार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने दरगाह पर विश्व भर में शांति और देश में “नफरत के जहर” के अंत के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने आगे कहा कि मैंने प्रार्थना की कि पूरी दुनिया में शांति बनी रहे और लोग भाईचारे के साथ रहें। ईश्वर देश भर में फैल रहे नफरत के जहर को रोकें ताकि हम भाईचारे के साथ आगे बढ़ सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story