मोती बाजार की सील दुकानों का मामला सीसीआई ने जेएमसी आयुक्त के समक्ष उठाया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 06 अक्टूबर (हि.स.)।

मोती बाजार के दुकानदारों के प्रतिनिधिमंडल ने चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता से मुलाकात कर जम्मू नगर निगम द्वारा सील की गई दुकानों का मामला उठाया। दुकानदारों के अनुसार फुटपाथ पर कथित अतिक्रमण को लेकर जेएमसी ने पिछली रात उनकी दुकानें सील कर दी थीं। उन्होंने दुकानें खुलवाने के लिए चैंबर से हस्तक्षेप की मांग की।

इसके बाद सीसीआई अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता और संबंधित दुकानदारों के साथ जम्मू नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर मामले पर चर्चा की। अरुण गुप्ता ने कहा कि दुकानें बंद रहने से व्यापारियों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है।

सीसीआई के अनुसार जेएमसी आयुक्त ने संबंधित शाखा को सील की गई दुकानें खोलने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट संदेश देने को कहा गया कि वे फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें क्योंकि इससे पैदल चलने वालों की आवाजाही बाधित होती है और भविष्य में कार्रवाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story