पीडब्ल्यूडी के एक सहायक अभियंता को रिश्वतखोरी के मामले में सीबीआई ने किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now


डोडा, 17 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जम्मू-कश्मीर के प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के कार्यान्वयन हेतु तैनात पीडब्ल्यूडी के एक सहायक अभियंता को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने 16 जुलाई, 2026 को एक शिकायत के आधार पर उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जिसमें आरोप लगाया गया था कि थथरी से काठवा (जिला डोडा) को जोड़ने वाली पीएमजीएसवाई सड़क परियोजना के निर्माण के दौरान शिकायतकर्ता के घर को नुकसान पहुंचा था और शिकायतकर्ता लगभग 10 लाख रुपये के मुआवजे का हकदार था।

यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी सहायक अभियंता ने मुआवजे की राशि की प्रक्रिया और जारी करने के लिए 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद आरोपी शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गया।

सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।सीबीआई द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story