केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रिश्वत के मामले में उधमपुर के फायरमैन को गिरफ्तार किया
उधमपुर, ०6 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज़ के असिस्टेंट डायरेक्टर के ऑफिस में तैनात एक फायरमैन को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज़, उधमपुर के असिस्टेंट डायरेक्टर ऑफिस में फायरमैन नीतीश सिंह जमवाल ने कटरा में शिकायतकर्ता के होटल के लिए फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज़ की एनओसी प्रोसेस करने और जारी करने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद आरोपी शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया। सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

