जम्मू में 'कैच द रेन' अभियान की शुरुआत, स्कूलों में बनेंगे 1000 से अधिक रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में 'कैच द रेन' अभियान की शुरुआत, स्कूलों में बनेंगे 1000 से अधिक रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम


जम्मू, 31 जुलाई (हि.स.)। देशव्यापी 'कैच द रेन' अभियान के तहत जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) पहल के अंतर्गत जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने शुक्रवार को गांधी नगर स्थित सरकारी हाई स्कूल में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना के निर्माण का भूमि पूजन कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि वर्षा जल संचयन जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने का प्रभावी एवं टिकाऊ माध्यम है। उन्होंने बताया कि अब स्कूलों की छतों पर गिरने वाला वर्षा जल नालियों में बहने के बजाय विशेष पाइपलाइन के माध्यम से भूजल पुनर्भरण के लिए उपयोग किया जाएगा।

डॉ. यादव ने बताया कि अभियान के तहत जम्मू के स्कूलों में 1,000 से अधिक रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा सरकारी भवनों में भी ऐसी व्यवस्थाएं स्थापित की जाएंगी तथा भविष्य में जम्मू नगर निगम द्वारा जारी किए जाने वाले नए भवन निर्माण अनुमतियों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को जल संरक्षण के महत्व तथा वर्षा जल संचयन की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया गया।

आयुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें जल संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया और मिठाइयां भी वितरित कीं। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण एवं 'कैच द रेन' अभियान को सफल बनाने की शपथ भी ली।

नगर निगम के अनुसार एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जम्मू शहर में जनजागरूकता कार्यक्रम, सामुदायिक गतिविधियां तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story