पूर्व एसीआर जम्मू पर भूमि हस्तांतरण में अनियमितता का मामला दर्ज
जम्मू, 15 सितंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जम्मू के पूर्व सहायक आयुक्त (राजस्व) निसार अहमद शाद और चार निजी लाभार्थियों के खिलाफ कथित अवैध भूमि हस्तांतरण के मामले में एफआईआर दर्ज की है।
एसीबी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 में एसीआर जम्मू के पद पर रहते हुए शाद ने चैवाड़ी और डेली क्षेत्र में गैर-मुमकिन खड्ड भूमि के हस्तांतरण के लिए नौ अनुमतियां जारी कीं। आरोप है कि ये अनुमतियां राजस्व कानूनों, सरकारी निर्देशों और हाईकोर्ट के आदेशों के विपरीत दी गईं।
जांच में यह भी पाया गया कि अनुमतियां जम्मू के तत्कालीन उपायुक्त की मंजूरी से जारी होने का उल्लेख था लेकिन रिकॉर्ड में ऐसी कोई मंजूरी, नोटशीट या अधिकार सौंपे जाने का आदेश नहीं मिला। एसीबी ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

