बीएसएफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल जम्मू में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित
जम्मू, 01 अगस्त (हि.स.)। बीएसएफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जम्मू में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देना और सही दिशा में उनका मार्गदर्शन करना था। इस अवसर पर होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के दो अनुभवी विशेषज्ञों को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। ताज ग्रुप ऑफ होटल्स में फूड एंड बेवरेज मैनेजर तथा स्कूल के पूर्व छात्र ऋषि कटोच और होटल विवांता बाय ताज, जम्मू के एग्जीक्यूटिव शेफ सुधिन गायकवाड़ ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
दोनों विशेषज्ञों ने होटल मैनेजमेंट और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अनेक अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आईएचएम (इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट) पूसा, नई दिल्ली, औरंगाबाद तथा मुंबई में संचालित विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सों, प्रवेश प्रक्रिया, प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें देश-विदेश में बेहतर करियर बनाने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
ऋषि कटोच और सुधिन गायकवाड़ ने अपने जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं बल्कि कठिन परिश्रम, लगन, अनुशासन और धैर्य से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और करियर से जुड़े कई प्रश्न पूछे जिनका विशेषज्ञों ने सरल और उपयोगी उत्तर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस. के. शुक्ला ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने दोनों विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रभारी शिक्षकों की भी सराहना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। यह करियर काउंसलिंग सत्र विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी साबित हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

