कठुआ में 30 लाख की लागत से नहर विकास कार्य का शुभारंभ, लोगों को मिलेगा सुरक्षित व बेहतर मार्ग

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में 30 लाख की लागत से नहर विकास कार्य का शुभारंभ, लोगों को मिलेगा सुरक्षित व बेहतर मार्ग


कठुआ, 28 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण ने मंगलवार को कठुआ में जिला रोजगार कार्यालय के समीप कठुआ नहर के दाहिने किनारे पर 30 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्य का उद्घाटन किया। यह परियोजना विधायक निधि के तहत पूरी की गई है जिसका कार्यान्वयन सिंचाई विभाग, कठुआ द्वारा किया गया।

इस अवसर पर बोलते हुए विधायक डॉ. भारत भूषण ने कहा कि यह परियोजना जनसुरक्षा और सुगम आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नहर किनारे ऊंचा तटबंध और नई रेलिंग लगाने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी, साथ ही क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि इस विकास कार्य से खास तौर पर लोअर शिवा नगर के निवासियों और सुबह सैर करने वालों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब नहर किनारे सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता उपलब्ध होगा जिससे लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में भी मदद मिलेगी। बुजुर्गों और बच्चों के लिए रेलिंग सुरक्षा का अतिरिक्त साधन साबित होगी।

विधायक ने समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि ऐसे कार्यों का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचा मजबूत करना ही नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक संजय सहगल, सिटी मंडल अध्यक्ष राहुल देव शर्मा, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुषमा महाजन, रविंदर पठानिया, रिकी रिसम, सबरस साहित्य संगम के अध्यक्ष टी.आर. सुंब्रिया, एक्सईएन सिंचाई विभाग इंजीनियर योगेश शर्मा, युवा नेता अमित सूदन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों की इसी गति को आगे भी जारी रखने की उम्मीद जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story