स्टेटहुड की बहाली के लिए बिगुल, जम्मू से जंतर-मंतर तक सड़कों पर उतरेगा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
स्टेटहुड की बहाली के लिए बिगुल, जम्मू से जंतर-मंतर तक सड़कों पर उतरेगा जनसैलाब


कठुआ, 09 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चैधरी और एनसी प्रदेश अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने बुधवार को जिला कठुआ में आयोजित विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर बड़ा अभियान तेज करने का ऐलान किया।

कठुआ मुख्यालय में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 12 जुलाई को जम्मू के हरी सिंह पार्क में होने वाली विशाल जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को बुलंद किया जाएगा।

इसके साथ ही नेताओं ने 20 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में भी बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा ताकि केंद्र सरकार तक जनता की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करना जम्मू-कश्मीर के लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं से जुड़ा अहम विषय है और पार्टी इस मांग को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी। जनसभाओं में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story