स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत आयोजित सोलो व ग्रुप प्रतियोगिता में कैडेट्स ने दिखाई प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत आयोजित सोलो व ग्रुप प्रतियोगिता में कैडेट्स ने दिखाई प्रतिभा


जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह (3 से 15 अगस्त) के अंतर्गत जीजीएम साइंस कॉलेज, जम्मू की सीनियर डिवीजन (एसडी) और सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) एनसीसी इकाइयों ने सोमवार को सोलो एवं ग्रुप राष्ट्रीय गान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार गुप्ता के संरक्षण में आयोजित किया गया। सीनियर विंग एनसीसी इकाई का संचालन 8 जम्मू-कश्मीर गर्ल्स बटालियन एनसीसी के मार्गदर्शन में एसोसिएट एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. शफिया सलीम तथा सीनियर डिवीजन इकाई का संचालन 2 जम्मू-कश्मीर बटालियन एनसीसी के मार्गदर्शन में लेफ्टिनेंट देविंदर सिंह ने किया।

प्रतियोगिताओं में दोनों एनसीसी इकाइयों के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रगान की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। प्रतिभागियों ने देशभक्ति, अनुशासन, समन्वय और संगीत प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन गणित विभाग के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजेश शर्मा, रसायन विभाग की प्रो. (डॉ.) रेविका अरोड़ा तथा शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशक रविंदर कुमार ने किया। सोलो राष्ट्रीय गान प्रतियोगिता में कैडेट स्वास्तिका शर्मा ने प्रथम तथा कैडेट आर्या शर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रुप राष्ट्रीय गान प्रतियोगिता में कैडेट वरुण शर्मा, हरवीत सिंह, आर्या शर्मा और आनंद सैनी की सीनियर डिवीजन टीम प्रथम रही जबकि कैडेट स्वास्तिका शर्मा, आदित्य वर्मा, प्रियंका देवी और निहारिका शर्मा की सीनियर विंग टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार गुप्ता ने दोनों एनसीसी इकाइयों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेता कैडेट्स को बधाई दी और सभी विद्यार्थियों को देशभक्ति, अनुशासन, एकता तथा समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। लेफ्टिनेंट डॉ. शफिया सलीम और लेफ्टिनेंट देविंदर सिंह ने भी कैडेट्स के उत्साह और प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत 15 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story