नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर करना होगा प्रयास-डीसी कठुआ

WhatsApp Channel Join Now
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर करना होगा प्रयास-डीसी कठुआ


कठुआ, 12 नवंबर (हि.स.)। नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपमंडल हीरानगर के चकड़ा में जिला प्रशासन, जिला पुलिस और कमांडो क्लब हीरानगर के संयुक्त तत्वावधान में बॉर्डर मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ शारीरिक फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने भी मैराथन में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कमांडो क्लब हीरानगर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस और समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलकूद सहित सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। डीसी ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर जागरूकता और जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

मैराथन में एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह, तहसीलदार हीरानगर, डीएसपी ऑपरेशंस, एसएचओ हीरानगर, बीडीओ हीरानगर एवं बीडीओ मढ़हीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story