सेवा पर्व के तहत हीरानगर में पुस्तक दान शिविर आयोजित
हीरानगर, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व के तहत 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सप्ताहभर के कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को जोनल शिक्षा कार्यालय हीरानगर में पुस्तक दान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम लोगों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के साथ-साथ सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह जेकेएएस ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों से बातचीत की। इस दौरान तहसीलदार हीरानगर अनूप कुमार, एईई कबीर, सीडीपीओ हीरानगर प्रिया लक्ष्मी जेकेएएस, जेडईओ हीरानगर, जेडईओ मढ़हीन और जेडईओ सल्लन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने स्वेच्छा से पुस्तकें दान कीं। दान की गई पुस्तकों का उपयोग विद्यार्थियों और समुदाय के लोगों तक शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक सामग्री की पहुंच बढ़ाने तथा उनमें पढ़ने की संस्कृति विकसित करने के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा जेकेएएस के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उपमंडल स्तर पर सेवा पर्व से संबंधित गतिविधियों के समन्वय एवं निगरानी के लिए सीडीपीओ हिरानगर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सेवा पर्व के तहत आगामी दिनों में स्वच्छता अभियान, निरूशुल्क चिकित्सा जांच शिविर, महिला सशक्तीकरण गतिविधियां, वॉलीबाल प्रतियोगिताएं और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न जनसरोकार से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एसडीएम फूलैल सिंह ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से सेवा पर्व की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वच्छ, स्वस्थ, जागरूक एवं सामाजिक रूप से जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

