कठुआ में संदिग्ध हालात में युवक का शव बरामद, ओवरडोज से मौत की आशंका
कठुआ, 02 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ शहर के रामलीला मैदान के समीप गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव सबसे पहले स्थानीय लोगों की नजर में आया जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी कठुआ भेज दिया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव के पास से कुछ इंजेक्शन और नशीला सामान बरामद हुआ है जिससे युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने बताया कि शहर में “चिट्टा” जैसे नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है जिससे युवा वर्ग इसकी चपेट में आ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के कारण युवाओं की जान जा रही है और इस पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की कि नशा तस्करों के खिलाफ ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। हालांकि पुलिस द्वारा लगातार नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है लेकिन इसके बावजूद इस पर पूरी तरह से अंकुश नहीं लग पा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

