भाजपा की जिला इकाई अनंतनाग ने जिले में अनधिकृत तिरंगा रैली आयोजित करने और उसमें भाग लेने के आरोप में नौ पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 07 अगस्त (हि.स.)। भाजपा की जिला इकाई अनंतनाग ने जिले में अनधिकृत तिरंगा रैली आयोजित करने और उसमें भाग लेने के आरोप में नौ पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया है।

एक कार्यालय आदेश में जिला अध्यक्ष राकेश कौल ने कहा कि यह रैली 5 अगस्त को हाउसिंग कॉलोनी खानबल में जिला इकाई व जिला प्रशासन की अनुमति के बिना आयोजित की गई थी। आदेश में कहा गया है कि पार्टी ने रैली के दौरान महिलाओं के खिलाफ की गई आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों का भी गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने ऐसे आचरण को पूरी तरह से अस्वीकार्य और भारतीय जनता पार्टी के मूल्यों, अनुशासन, गरिमा और सिद्धांतों के खिलाफ बताया।

आदेश के अनुसार यह निर्णय राज्य महासचिव (संगठन) अशोक कौल, राज्य महासचिव अनवर खान, राज्य प्रवक्ता और प्रभारी अनंतनाग अल्ताफ ठाकुर और भाजपा जिला कोर कमेटी अनंतनाग के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद लिया गया।

निलंबित सदस्यों में वांगम शंगुस के जिला महासचिव निसार अहमद भट, हसनपोरा बिजबेहरा के खुर्शीद अहमद सोफी जिला सचिव, अचबल की आबिदा रफीक जिला सचिव और पूर्व जिला उपाध्यक्ष, गोपालपोरा मट्टन के इरशाद अहमद मलिक शंगुस निर्वाचन क्षेत्र के अध्यक्ष, अचबल के मोहम्मद मकबूल गनी, हसनूर ऐशमुकाम के वहीद अहमद इटू पहलगाम निर्वाचन क्षेत्र के अध्यक्ष, देहवाटू पहलगाम के निसार अहमद हकीम जिला सचिव, खेरची लरनू के फिरोज अहमद हाजम किसान मोर्चा के जिला सचिव और थाजीवारा की सबरूजा अख्तर महिला मोर्चा की जिला सचिव शामिल हैं।

आगे की जांच लंबित रहने तक उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित कर दी गई है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनंतनाग के बातेनगू के अलवीर अहमद डार और हंगुलगुंड कोकरनाग की फैंसी अख्तर किसी भी रूप में भाजपा जिला इकाई अनंतनाग से संबद्ध नहीं हैं और न ही उनके पास कोई संगठनात्मक पद या जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story