स्वर्गीय ठाकुर बलदेव सिंह की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, विधायक राजीव जसरोटिया ने किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
स्वर्गीय ठाकुर बलदेव सिंह की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, विधायक राजीव जसरोटिया ने किया नमन


कठुआ, 25 अगस्त (हि.स.)। स्वर्गीय ठाकुर बलदेव सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर कठुआ स्थित पीआरओ कार्यालय में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। समारोह में उन वरिष्ठ लोगों की भी उपस्थिति रही जिन्होंने ठाकुर बलदेव सिंह के साथ लंबे समय तक कार्य किया था।

इस अवसर पर विधायक राजीव जसरोटिया ने ठाकुर बलदेव सिंह के व्यक्तित्व और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा समाज और अपने लोगों को आगे बढ़ाने, उन्हें जागरूक करने तथा अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठुआ की धरती ने ऐसे महान व्यक्तित्व को जन्म दिया जिन्होंने जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ देश की एकता और अखंडता के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि ठाकुर बलदेव सिंह का जीवन जनसेवा, संघर्ष और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके विचार और कार्य आज भी समाज और युवा पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं। श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

स्वर्गीय ठाकुर बलदेव सिंह जम्मू-कश्मीर के प्रमुख जननेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हुए लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और क्षेत्र के विकास तथा जनहित के मुद्दों के लिए लगातार आवाज बुलंद की। वे सांसद और विधायक के रूप में भी जनप्रतिनिधित्व कर चुके थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कठुआ सहित जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से सीधा जुड़ाव बनाए रखा। ठाकुर बलदेव सिंह की पहचान एक ऐसे जननेता के रूप में रही जिन्होंने राजनीतिक जीवन को केवल पद तक सीमित न रखते हुए आम लोगों के साथ संवाद और उनके हितों के लिए संघर्ष को प्राथमिकता दी। उनके व्यक्तित्व, स्पष्ट सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण को आज भी उनके साथ काम करने वाले लोग सम्मान के साथ याद करते हैं।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ठाकुर बलदेव सिंह जैसी शख्सियतें अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से समाज में हमेशा जीवित रहती हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story