भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा नेशनल कॉन्फ्रेंस का दामन, जावेद अहमद राणा के नेतृत्व पर जताया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ताओं ने थामा नेशनल कॉन्फ्रेंस का दामन, जावेद अहमद राणा के नेतृत्व पर जताया भरोसा


मेंढर, 16 अगस्त (हि.स.)। धाकी भेड़ा मेंढर में रविवार को कई भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस का दामन थामते हुए कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ नेकां नेता जावेद अहमद राणा के नेतृत्व में विश्वास जताया।

नेकां में शामिल होने वालों में केसरा खान, शौकत हुसैन, हाजी मोहम्मद मारूफ खान, अमीर खान, मास्टर मोहम्मद बशीर खान, सईद खान, अजहर खान, साजिद खान और सोहेल खान सहित अन्य लोग शामिल रहे। नए सदस्यों ने कहा कि उन्होंने नेकां की धर्मनिरपेक्ष एवं समावेशी विचारधारा तथा जावेद अहमद राणा के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राणा द्वारा जमीनी स्तर पर लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने और सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई व अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने से लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार पर भी विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में जमीनी स्तर पर शासन व्यवस्था को मजबूत करने और विकास को गति देने के लिए प्रयासरत है। नए सदस्यों का स्वागत करते हुए स्थानीय नेकां नेताओं ने कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से मेंढर में संगठन को मजबूती मिलेगी और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इस दौरान नए सदस्यों ने नेकां को मजबूत करने तथा मेंढर के लोगों के विकास और कल्याण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story