18 प्रतिशत टैरिफ वृद्धि और ईंधन महंगाई के खिलाफ भाजपा का विरोध, डीसी को सौंपा ज्ञापन
कठुआ, 18 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की कठुआ इकाई ने 18 प्रतिशत टैरिफ वृद्धि और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का कड़ा विरोध जताया है। पार्टी ने इन फैसलों को जनविरोधी बताते हुए परिवहन क्षेत्र के लिए नुकसानदायक करार दिया।
इस संबंध में भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से उपायुक्त कठुआ को ज्ञापन सौंपते हुए टैरिफ वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की। नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे अतिरिक्त शुल्क से आवश्यक वस्तुओं के दाम और बढ़ेंगे, जिससे महंगाई में और इजाफा होगा। भाजपा ने प्रशासन से जनहित में जल्द निर्णय लेते हुए इस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की है, अन्यथा पार्टी आंदोलन तेज करने पर भी विचार कर सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

