भाजपा ने नानाजी देशमुख की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि की अर्पित
जम्मू, 27 फ़रवरी (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर जम्मू में भारत रत्न चंद्रिकादास अमृतराव देशमुख, जिन्हें स्नेहपूर्वक “नानाजी” कहा जाता था की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित की गई और राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित नानाजी के अनुकरणीय जीवन को याद किया गया। जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष रेखा महाजन महासचिव संजीता डोगरा बलदेव सिंह बिल्लवारिया और गोपाल महाजन साथ ही परदुमन सिंह, डॉ. हरि दत्त, नवीन शर्मा, अनिल मासूम, राजेश गुप्ता, संजय शर्मा, प्रदीप शर्मा, पंकज बराल, अनीता गुप्ता, अनीशा और अन्य वरिष्ठ नेता एवं पार्टी कार्यकर्ता श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए और राष्ट्र के प्रति नानाजी के अपार योगदान को याद किया।
रेखा महाजन ने कहा कि समाज के प्रति उनकी अद्वितीय सेवा को मान्यता देते हुए भारत सरकार द्वारा नानाजी को मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि अपने सक्रिय राजनीतिक जीवन के दौरान भी वे जमीनी स्तर से गहराई से जुड़े रहे और राष्ट्रवादी विचारधारा और भारत की सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित राजनीति को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। संजिता डोगरा ने कहा कि सक्रिय राजनीति का स्वेच्छा से त्याग करने के बाद नानाजी ने अपने जीवन के कई दशक ग्रामीण विकास और सामाजिक परिवर्तन के लिए समर्पित किए। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि ग्राम सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर सामुदायिक विकास में उनकी पहलों ने समावेशी विकास का एक आदर्श स्थापित किया।
उन्होंने आगे कहा कि उनका जीवन राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। बलदेव सिंह बिल्लवारिया ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और ग्रामीण आत्मनिर्भरता के क्षेत्रों में नानाजी का योगदान परिवर्तनकारी और दूरदर्शी था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नानाजी सशक्त राष्ट्र की नींव के रूप में गांवों को सशक्त बनाने में विश्वास रखते थे। गोपाल महाजन ने कहा कि नानाजी के असाधारण संगठनात्मक कौशल, अनुशासित जीवनशैली और सामाजिक सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है जो उन्हें समाज और राष्ट्र के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने के लिए प्रेरित करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

