दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भाजपा ने दी श्रद्धांजलि
जम्मू, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर ने अपने विचारक एवं वरिष्ठ नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर जम्मू और श्रीनगर में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय जम्मू और जवाहर नगर, श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रमों के अलावा प्रदेश के विभिन्न संगठनात्मक स्तरों पर भी दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। जम्मू में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने पार्टी नेताओं के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर सत शर्मा ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय की अवधारणा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और सम्मान को विकास के केंद्र में रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके विचार भाजपा को वैचारिक और नैतिक दिशा प्रदान करते हैं।
सत शर्मा ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, संगठन और सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महान व्यक्तित्व अपने जीवनकाल के बाद भी अपने विचारों और आदर्शों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहते हैं। श्रीनगर में भाजपा प्रदेश महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्र और समाज की सेवा के अपने संकल्प पर कायम रहे। उन्होंने सामाजिक एकता, देशभक्ति और समानता पर उनके विचारों को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

