भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत कार्यकर्ताओं को दिया गया वैचारिक प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत कार्यकर्ताओं को दिया गया वैचारिक प्रशिक्षण


जम्मू, 02 जून (हि.स.)। भाजपा जिला श्रीनगर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत चर्च लेन, श्रीनगर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, मोर्चा प्रतिनिधियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने विचार परिवार विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसकी विचारधारा, समर्पित कार्यकर्ता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता में निहित है। उन्होंने कहा कि विचार परिवार केवल एक संगठनात्मक ढांचा नहीं, बल्कि एक सशक्त वैचारिक शक्ति है जो मजबूत, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और मूल्यों से जुड़े रहते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैचारिक स्पष्टता और अनुशासित संगठनात्मक कार्यशैली पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अशोक कौल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दर्शन आज भी भाजपा की नीतियों और शासन मॉडल का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में दरख्शां अंद्राबी, भाजपा प्रदेश सचिव मुदासिर वानी, आरिफ राजा, श्रीनगर प्रभारी डॉ. शहनाज गनई तथा जिला अध्यक्ष एडवोकेट शेख सलमान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर भाजपा के संगठनात्मक सशक्तिकरण, वैचारिक समझ और जनसंपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा था।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story