विधायक विक्रम रंधावा ने जल शक्ति मंत्री जावेद राणा के कामकाज की सराहना की
जम्मू,, 19 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान विपक्षी विधायक चौधरी विक्रम रंधावा ने जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा के कामकाज की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जावेद राणा ऐसे मंत्री हैं जो राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी विधायकों और आम जनता की समस्याओं को सुनते हैं तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करते हैं।
यह बयान उस कार्यक्रम के दौरान दिया गया, जिसमें जल शक्ति मंत्री ने विधायक के निर्वाचन क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
विधायक विक्रम रंधावा ने कहा कि जावेद राणा जल शक्ति विभाग को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और कुशलता के साथ चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान भी विपक्ष के विधायक उनके कामकाज की आलोचना कम ही करते हैं।
रंधावा ने कहा कि मैं पूरी ईमानदारी से कह रहा हूं कि विपक्ष का कोई भी विधायक उनके खिलाफ खुलकर नहीं बोल पाता। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी वजह किसी प्रकार का डर नहीं बल्कि मंत्री का काम करने का तरीका और उनका व्यवहार है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को छोड़ दें तो जावेद राणा ऐसे मंत्री हैं जो सभी विधायकों को बराबर महत्व देते हैं और उनके क्षेत्रों से जुड़ी विकास संबंधी जरूरतों पर ध्यान रखते हैं।
रंधावा के अनुसार जावेद राणा के पास चाहे सत्ता पक्ष का विधायक जाए, विपक्ष का प्रतिनिधि या आम नागरिक, वह सभी की बात सुनते हैं और उनका काम करवाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि यही एक अच्छी नीति और अच्छे व्यक्तित्व की पहचान है।
विधायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करने और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए जल शक्ति मंत्री का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
विपक्षी विधायक की ओर से सरकार के एक मंत्री की इस तरह सार्वजनिक सराहना कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

