जम्मू में एनएलयू की स्थापना को लेकर विधानसभा में भाजपा विधायकों का हंगामा, बजट सत्र बाधित

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत शुक्रवार को जोरदार हंगामे के साथ हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) की स्थापना की मांग को लेकर सदन के अंदर विरोध प्रदर्शन किया।

विधायकों ने सरकार से एनएलयू के प्रस्तावित स्थान को लेकर स्पष्टता की मांग की। उनका कहना था कि जम्मू क्षेत्र लंबे समय से उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों से वंचित रहा है, जिससे यहां के छात्रों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में जल्द निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक तख्तियां लेकर सदन में पहुंचे और कार्यवाही शुरू होते ही नारेबाजी करने लगे। इस कारण विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना पड़ा।

उधर, बजट सत्र के दूसरे चरण में विपक्षी दलों के भी सरकार को घेरने की तैयारी है। विपक्ष राज्य के मुद्दों, चुनावी वादों और विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के सवाल पर सरकार से जवाब मांग सकता है।

राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विधानसभा में ऐसे मुद्दों को लेकर और अधिक गर्मा-गर्मी देखने को मिल सकती है, जिससे सत्र के सुचारू संचालन पर असर पड़ सकता है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story