हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों में जुटा भाजपा महिला मोर्चा
जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा जम्मू-कश्मीर की संगठनात्मक बैठक रविवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट नेहा महाजन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 'हर घर तिरंगा' और 'तिरंगा यात्रा' अभियानों की तैयारियों की समीक्षा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा (सीए) ने की। इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रभारी वीनू खन्ना और सह-प्रभारी शैलजा गुप्ता सहित मोर्चे के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
सत शर्मा ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका अनुशासित संगठन और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग की महिलाओं से संपर्क बढ़ाने पर भी बल दिया।
महिला मोर्चा प्रभारी वीनू खन्ना ने महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, पार्टी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा केंद्र सरकार की सुशासन, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में एडवोकेट नेहा महाजन ने पिछले महीने आयोजित कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका महत्वपूर्ण है और संगठन को जमीनी स्तर तक और मजबूत किया जाएगा। बैठक की कार्यवाही महिला मोर्चा की महासचिव उर्वशी गुप्ता ने संचालित की जबकि महासचिव गीता भगत ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

