गडवाल पंचायतों में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर मजबूत करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
गडवाल पंचायतों में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ स्तर मजबूत करने पर जोर


जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। भाजपा जम्मू-कश्मीर की उपाध्यक्ष एवं जिला सांबा प्रभारी रेखा महाजन ने विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कोलपुर स्थित गडवाल ए और गडवाल बी पंचायतों में बूथ नंबर 93, 94 और 95 पर संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया। बैठकों में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती का संकेत मिला। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता जयराम शर्मा, मंडल अध्यक्ष धीरज शर्मा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष तरसेम सिंह और सरपंच अनीता शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए रेखा महाजन ने बूथ स्तर को पार्टी की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता जनता के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, ki कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है। समर्पण और टीम वर्क के साथ काम करने से हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।

महाजन ने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और निरंतर जनसंपर्क पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि लोगों के बीच विश्वास कायम करना और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। बैठक में आपसी समन्वय बढ़ाने, स्थानीय समस्याओं के समाधान और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से फीडबैक साझा करते हुए जनता के साथ नियमित संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story