भाजपा ने समरसता संकल्प अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को दिया अंतिम रूप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने समरसता संकल्प अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों को दिया अंतिम रूप


जम्मू, 01 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर भाजपा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी समरसता संकल्प अभियान, तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया। बैठकों में अभियान को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठकों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा, संगठन महामंत्री अशोक कौल, समरसता अभियान प्रभारी बलदेव सिंह बिलावरिया, हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा अभियान प्रभारी गोपाल महाजन तथा महासचिव संजिता डोगरा ने संबोधित किया। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, जिला पदाधिकारियों और दोनों अभियानों से जुड़े विभिन्न समितियों के सदस्यों ने भाग लिया।

सत शर्मा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जिला से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा कर रहा है ताकि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचे। अशोक कौल ने संगठनात्मक अनुशासन, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्यान्वयन पर जोर देते हुए सभी पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बलदेव सिंह बिलावरिया ने बताया कि पूरे जम्मू-कश्मीर में कलश वंदन, कलश वितरण, समरसता यात्रा और समरसता संपर्क अभियान आयोजित कर संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं तथा समानता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। वहीं गोपाल महाजन ने जानकारी दी कि 10 और 11 अगस्त को मंडल स्तर तथा 12 और 13 अगस्त को विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके अलावा हर घर तिरंगा अभियान को बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शहीदों के परिवारों का सम्मान, शहीद स्मारकों और प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सजावट तथा उनके बलिदान को समर्पित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story