राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर भाजपा बेनकाब: नेकां

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के चिनाब घाटी क्षेत्र के प्रवक्ता अजीत भगत ने राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की मंशा जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस देने की नहीं है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद से लोग राज्य का दर्जा बहाल होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

भगत ने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर सरकार और अन्य विधायक राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन भाजपा विधायक इस विषय पर चर्चा में शामिल नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य के लोगों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया, जिसका खामियाजा विशेषकर शिक्षित बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करना जम्मू-कश्मीर के लोगों की प्रमुख मांग है और केंद्र सरकार को इस दिशा में जल्द कदम उठाने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764623 Articles

Share this story