भाजपा और कांग्रेस रविवार को विधायक दल की करेंगे बैठकें
श्रीनगर, 19 सितंबर (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा के आगामी शरदकालीन सत्र के लिए रणनीति बनाने हेतु रविवार को अपने विधायक दल की बैठकें बुलाई हैं। विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा रविवार शाम को भाजपा विधायकों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे जिसमें सत्र के दौरान सरकार को घेरने की पार्टी की योजना पर चर्चा की जाएगी।
शर्मा ने मीडिया को बताया कि हम कल विधायकों की बैठक कर रहे हैं। शासन और अन्य मुद्दों पर प्रतिक्रिया जानने के लिए जम्मू-कश्मीर भर में बैठकें कर रहे शर्मा ने कहा कि भाजपा आम जनता को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि हम सरकार से जम्मू-कश्मीर की जनता से किए गए हर वादे का जवाब मांगेंगे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मुख्य सचेतक निजामुद्दीन भट्ट ने बताया कि कांग्रेस ने भी कल पार्टी मुख्यालय में विधायक दल की बैठक बुलाई है। कांग्रेस पार्टी के विधायक कल शाम 5:00 बजे बैठक कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

